कलौली
ग्राम कलौली स्थित महादेव बाबा मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का गुरुवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हो गया। 21 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक चले इस धार्मिक आयोजन में कथा वाचक लवकुश शास्त्री ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया। वहीं 30 अक्टूबर को विधि-विधान के साथ मंडप विसर्जन संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: विनय गुप्ता, ब्लॉक संवाददाता

कथा के दौरान कथा वाचक ने ज्ञान-वैराग्य, शंकर विवाह, रामचरितमानस, महाभारत, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, कंस वध और सुदामा चरित्र सहित भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचते रहे।
आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामसभा के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। समिति के सदस्य अंकित कुमार, शिवकांत वर्मा, दिवाकर वर्मा, सौरभ वर्मा, मिस्टर इंडिया सहित अन्य ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई।

समापन अवसर पर मंडप विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान का स्मरण कर क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

