हरदोई
अवैध मिट्टी खनन से जुड़ी खबर प्रकाशित करना एक पत्रकार के लिए विवाद का कारण बन गया। पत्रकार को कथित तौर पर धमकी देने, अभद्रता करने और सोशल मीडिया पर उनकी छवि धूमिल करने के मामले में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (कोर्ट संख्या-1), हरदोई ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना बेनीगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार निष्पक्ष विवेचना करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173(4) के तहत पारित किया है।
अवैध मिट्टी खनन की खबर के बाद शुरू हुआ था विवाद, पत्रकार ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया था आरोप

अवैध खनन की खबर प्रकाशित करने के बाद शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पुनीत कुमार मिश्रा ‘टेली कास्ट न्यूज’ में क्षेत्रीय पत्रकार हैं। उनका आरोप है कि 7 सितंबर 2026 को उन्होंने बेनीगंज थाना क्षेत्र में कथित अवैध मिट्टी खनन से संबंधित खबर प्रकाशित की थी। खबर सामने आने के बाद से ही विवाद शुरू हो गया।
पत्रकार का आरोप है कि इसके बाद नरेंद्र शुक्ला ने उनके सहयोगी के मोबाइल पर फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें व उनके परिजनों को गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोप है कि घर पहुंचकर भी अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर उनकी सार्वजनिक छवि खराब करने का भी आरोप लगाया गया है
पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर न्यायालय पहुंचे पत्रकार
पीड़ित पत्रकार के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाना पुलिस से लेकर पुलिस अधीक्षक तक शिकायत की, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्याय पाने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने प्रस्तुत तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार किया। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के चर्चित फैसले ‘ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार’ में निर्धारित कानूनी सिद्धांतों का भी उल्लेख किया गया। अदालत ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए पुलिस जांच को आवश्यक बताया।
बेनीगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश
न्यायालय ने थाना बेनीगंज के प्रभारी निरीक्षक को तत्काल अभियोग पंजीकृत कर मामले की नियमानुसार निष्पक्ष विवेचना करने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के बाद अब मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाली कथित अभद्रता के मामलों में समय पर निष्पक्ष कार्रवाई कितनी जरूरी है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

