Hardoi
सांडी विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बमटापुर-भानपुर मार्ग पर चिल्लौर के निकट मुख्य सड़क के बीचों-बीच बना गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर मौजूद यह गड्ढा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग और वाहन गुजरते हैं। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से अब तक न तो गड्ढे को भरवाया गया और न ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
इसको लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में जिम्मेदार विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी हरदोई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बमटापुर-भानपुर मार्ग पर चिल्लौर के निकट बने गहरे गड्ढे का तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके और संभावित सड़क हादसों को रोका जा सके।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग ग्रामीणों की इस समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।

