श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा, जयकारों से गूंजा कछौना

रिपोर्ट: विनय गुप्ता, ब्लॉक संवाददाता
कछौना, हरदोई। श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार सुबह क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं एवं अन्य श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
कलश यात्रा का शुभारंभ लखनऊ-हरदोई रोड स्थित पाल मेडिकल के निकट अपना धर्म कांटा से हुआ। इसके बाद यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए चौराहा स्थित संतोषी माता मंदिर, लंगड़े दास हनुमान मंदिर एवं कुट्टी पहुंची। इस दौरान डीजे और ढोल की धुन पर श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम एवं धार्मिक जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजन-अर्चन के बाद कलश यात्रा पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक किया जा रहा है। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
आयोजक सुरेश चंद्र अग्निहोत्री ने क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

